प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। किशोरी ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। उसकी मांग में सिंदूर पाया गया था। अंतिम संस्कार के बाद किशोरी के पिता ने बेटी के प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के सराय अतन उर्फ नौगीरा में 26 दिसम्बर की रात एक किशोरी अपनी छोटी बहन और भाई के साथ थी।
अगली सुबह उसका दुपट्टे से लटकता शव मिला। उसके मांग में सिन्दूर लगा था। पोस्टमार्टम और अन्तिम संस्कार के बाद परिजनों को पता चला कि उनकी पुत्री का गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
मृतका के पिता ने बताया कि दो माह पूर्व युवक को आसपास मंडराते देख डांट फटकार कर भगा दिया था। 26 दिसम्बर को किशोरी के पिता के मोबाइल पर प्रेमी ने रात 11 बजे से तीस मिनट तक उससे बात की थी। इसके बाद प्रेम-भाव में फंसकर नाबालिग लड़की ने प्रेमी के नाम से सिंदूर भर लिया।
प्रेमी के उकसाने पर उसने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से प्रेमी गुजरात के अहमदाबाद भाग गया। मृतक किशोरी के पिता ने बेटी के प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को मऊआइमा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।